Wednesday, July 3, 2013

दक्षिण भारत के एक गाँव की यात्रा

मैं उत्तर भारत के राजस्थान का रहने वाला हूँ। मैंने अपने जीवन में कई गाँव और खेत देखें हैं। कुछ सौ से कई हज़ार की जनसँख्या वाले गाँव, जहाँ गेहूं के, बाजरे के, चावल के, सरसों के खेत लहलहाते रहते हैं। दूर दूर तक फैले हरे भरे खेत। फसल की हरी चादर के बीच में कभी बरगद, कभी बबूल, और तो कभी नीम के पेड़ सीना तान कर खड़े रहते हैं, जैसे कह रहे हों कि हम इस खेत के रखवाले हैं। ऐसे गाँव और खेत कई जगह देखे, जैसे जयपुर में, कानपूर में, बनारस में।

लेकिन दक्षिण भारत के गाँव और खेत नहीं देखे कभी। मेरी  इच्छा है दक्षिण की ग्रामीण संस्कृति देखने की। कैसे होंगे ये गाँव। चलिए मैं आपको एक ऐसे ही गाँव की यात्रा पर ले जाता हूँ। दक्षिण का एक ऐसा गाँव जो मेरे ख़यालों में है। मेरी कल्पना का एक गाँव।

शहर से बाहर निकलते ही उस गाँव की महक मिलने लगती है। कंक्रीट के जंगल से निकल कर हम प्रकृति की गोद में उतरने लगते हैं। सड़क किनारे कतार में खड़े हरे भरे पेड़ मानो मेरा स्वागत कर रहे हैं। मेन रोड से निकल एक छोटे रास्ते पर चल पड़ता हूँ उस गाँव की ओर। भेड़ों का वो झुण्ड आगे बसी आबादी संकेत दे रहा है। पर अब तो कुछ और दिखाई नहीं दे रहा। दूर दूर तक सिर्फ हरे भरे लहलहाते खेत ही दिख रहे हैं। इतनी ऊंची फसल कभी नहीं देखी। शायद मकई के खेत हैं। ऊपर आसमान भी कितना साफ़ है, धुप बिलकुल नहीं चुभ रही है। ये दृश्य कितना मरोरम है। जैसे स्वर्ग की एक झांकी हो।
चलिए आगे चलते हैं।
अरे! कोका कोला की दूकान यहाँ भी। बिस्किट, टॉफ़ी, चाय आदि सब है इस छोटी सी दूकान में। मैं दूकानदार की भाषा नहीं समझ पा रहा लेकिन कुछ इशारों और मुस्कान से दोनों ऐसी वार्ता की जैसे हमेशा से बात करते आये हों। उसने बताया की आगे बस्ती के पीछे एक मेला लगा है आज। अरे वाह। बड़े सही मौके पर आया मैं आज। गाँव का वो मेल भी देख लूँगा, लेकिन पहले बसावट के पास जा लोगों को और उनके घरों को देखना चाहता हूँ।
वाह। कितनी सुन्दर रंगोली बना रही है ये स्त्री अपने घर की चौखट पर। ये छोटी सी गोल झोंपड़ी जिसके ऊपर कोन के आकार की छत है, कितनी साफ़ सुथरी है। अपने माता के चारों तरफ खेलते ये बच्चे, रंगोली से दूर दूर ही हैं। रंगोली बिगाड़ी तो माँ बहुत डांटेगी।
लगता है खेत से मेहनत कर अभी अभी लौटा है ये पुरुष। परिवार को देख मन ही मन संतुष्टि का रस पी, वो कोने में बंधी गाय को चारा डाल रहा है। सिर हिला हिला कर गाय भी एक माँ की तरह उसपर अपना स्नेह लुटा रही है, जैसे सुबह से उसका इंतज़ार कर रही थी।
इन सभी लोगों के कपड़ो में शहर के रंग दिख रहे हैं। पुरुष और बच्चे धोती आदि के बजाय, पेंट शर्ट में हैं लेकिन महिलायें पारंपरिक साड़ी और गजरे लगाये हुए हैं। इनके ये गहने आडम्बर नहीं बल्कि शुद्ध सौंदर्य के साधन लग रहे हैं।
खाना? बड़े स्वादिष्ट चावल और रसम परोसे गए हैं मुझे। इस प्रांत में ही उगने वाली ये सब्ज़ी भी लाजवाब है। लेकिन मैंने तो सोचा था की केले के पत्ते पर खाना मिलेगा, यहाँ तो स्टील की प्लेट है। शायद मेरे लिए ये लिहाज़ किया जा रहा है।
अभी ज़्यादा नहीं खाऊंगा। मेले में पकवान भी तो खाने हैं। मेले में लगा वो ऊँचा झूला तो यहीं से दिख रहा है।
मेला दूर नहीं है। चलो पैदल ही चलते हैं।
ये कमाल है! इस गाँव की कच्ची सड़कों पर हीरो होंडा तो दौड़ रही है लेकिन पीने का पानी आज भी कुँए से निकाला जाता है। कुए से पानी निकलने में पुरुष भी महिलाओं की मदद कर रहे हैं।
ये गाँव की स्कूल आ गई। बच्चों की छुट्टी के बाद कितना सूना सूना सा लग रहा है ये ज्ञान का केंद्र। आओ आगे मेला आने वाला ही है।
कितना सुन्दर मदिर है ये। छोटा सा, लेकिन पवित्रता और शांति बिखेरता ये आस्था का मंच। इसके ऊपर लगा लाल झंडा कैसा मदमस्त लहरा रहा है।
लो मेला भी आ गया। कितना टिपिकल रंग बिरंगा मेला है ये। झूले हैं, खिलौने हैं, पकवान हैं, ज़रूरत के सामान जैसे बर्तन, मसाले, औज़ार, आदि की दुकाने हैं, और लोगों के चेहरों पर मुस्कान है। कभी देखी है मिटटी से बनी गाय?  ये मिटटी का खिलौना तो मैं ज़रूर लेकर जाऊंगा।
तमाशे, झूले, और पकवानो का आनंद लेने के बाद अब वापस लौटने का समय आ गया है।
इस गाँव ने दिल को छू लिया है।
एक बार फिर लौटूंगा यहाँ, लेकिन कुछ दिन रुकने के लिए। कुछ और साँसे लेने के लिए, इस सुन्दर गाँव में।
चलोगे मेरे साथ?


No comments:

Post a Comment